रतलाम 17 जनवरी 2020(खबरबाबा.काम)/ जिले के ग्राम लसूडिया जंगली का हाईस्कूल भी हाईटेक होने की राह पर चल पड़ा है। जिला मुख्यालय के उत्कृष्ट विद्यालय के बाद लसूडिया जंगली हाईस्कूल में भी अब बच्चों की अटेंडेंस बायोमैट्रिक प्रणाली द्वारा ली जा रही है। जावरा जनपद पंचायत के लसूडिया जंगली हाईस्कूल के कक्षा नवी तथा दसवीं के विद्यार्थी स्कूल आते समय तथा वापस घर जाते समय अपना आरएएफ कार्ड मशीन को रीड करवाते हैं और उनके ही स्कूल आने तथा जाने का एसएमएस उनके पालकों के मोबाइल पर पहुंच जाता है।
बायोमैट्रिक अटेंडेंस तथा एसएमएस अलर्ट व्यवस्था के लिए हाईस्कूल संस्था प्रभारी श्री जगदीश पांचाल द्वारा विशेष रुप से पहल की गई। श्री पांचाल को रतलाम उत्कृष्ट विद्यालय में स्थापित की गई बायोमेट्रिक एसएमएस व्यवस्था की जानकारी मिली थी, इससे प्रेरित होकर श्री पांचाल ने भी अपने स्कूल में भी यही व्यवस्था स्थापित करने की ठानी। वे उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचे प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत से मिले और संपूर्ण तकनीक की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद संबंधित तकनीकी व्यक्तियों से संपर्क करके अपने स्कूल में भी कार्य करवाया। इस तकनीक को स्कूल में स्थापित करने हेतु कंप्यूटर की आवश्यकता थी परंतु इसके लिए राशि नहीं होने के कारण दिक्कत आ रही थी। यहां भी श्री पांचाल ने आगे बढ़कर अपना स्वयं का कंप्यूटर स्कूल के लिए समर्पित किया। मशीन तथा रेडियो फ्रीक्वेंसी आईडी कार्ड बनवाने पर लगभग 16 हजार रूपए खर्च आया। प्रत्येक विद्यार्थी को कार्ड बनाकर दिए गए। मशीन तथा कार्ड की राशि स्कूल निधि से वहन की गई।
अब स्कूल की कक्षा नवीं तथा दसवीं के 94 विद्यार्थी बायोमेट्रिक प्रणाली का इस्तेमाल करते हुए अपनी अटेंडेंस दर्ज करवाते हैं। वह स्कूल आते समय अपना कार्ड मशीन को रीड करवाते हैं, स्कूल से वापस घर जाते समय भी मशीन कार्ड रीड करती है। दोनों समय बच्चों के आने-जाने के समय का एसएमएस उनके पालकों के मोबाइल पर पहुंच जाता है, वे निश्चिंत हो जाते हैं कि उनका बच्चा स्कूल पहुंच गया है या स्कूल से वापस घर की ओर निकल गया है। लसूडिया जंगली के ग्रामीण भी प्रसन्न है कि उनके गांव का स्कूल हाईटेक होने की राह पर अग्रसर हो गया है। समय के साथ चल पड़ा है और स्कूलों में तकनीक के साथ गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ और राज्य शासन की प्रमुख मंशा भी है।
जावरा से 18 किमी दूर लसूडिया जंगली के हाईस्कूल में स्मार्ट क्लास भी है जिसमें 50 इंची एलईडी स्क्रीन लगी है। स्क्रीन पर पेन ड्राइव के माध्यम से विषय विशेषज्ञों के लेक्चर प्रदर्शित किए जाकर विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में इजाफा किया जा रहा है। स्कूल में संस्था प्रभारी श्री जगदीश पांचाल के अलावा शिक्षक श्री राजनाथ शिकारी, श्री कमलसिंह तथा अतिथि शिक्षक श्री कृष्णपालसिंह भी पूर्ण मनोयोग के साथ बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दे रहे हैं।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.