भोपाल,20मार्च2020/ मध्यप्रदेश में जारी सियासी घटनाक्रम के बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने से पहले उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस की। जिसमें उन्होंने अपनी एक साल, तीन महीने और दो दिन की सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
उन्होंने कहा कि भाजपा शुरुआत से ही सरकार गिराने की कोशिश में लगी हुई थी। वहीं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी निशाना साधा। कमलनाथ ने कहा कि एक महाराज के साथ मिलकर भाजपा ने राज्य सरकार को गिराने की साजिश रची। आज शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक होनी है। जिसमें शिवराज सिंह चौहान को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है।
प्रदीप जायसवाल ने कांग्रेस सरकार से दिया इस्तीफा
बालाघाट जिले से निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल ने कमलनाथ सरकार में मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।
राजभवन पहुंचे कमलनाथ
अपने इस्तीफे का एलान करने के बाद कमलनाथ ने राज्यापल लालजी टंडन को राजभवन जाकर अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
शिवराज बोले- सत्यमेव जयते
भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पद से कमलनाथ के इस्तीफे के बाद ट्वीट कर लिखा, ‘सत्यमेव जयते!’
सिंधिया बोले- आज हुई जनता की जीत
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कमलनाथ के इस्तीफे के बाद लिखा, ‘मध्यप्रदेश में आज जनता की जीत हुई है। मेरा सदैव ये मानना रहा है कि राजनीति जनसेवा का माध्यम होना चाहिए, लेकिन प्रदेश सरकार इस रास्ते से भटक गई थी। सच्चाई की फिर विजय हुई है। सत्यमेव जयते।’
शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक
शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। माना जा रहा है कि शिवराज को नेता चुना जा सकता है।
प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा पर लगाया सरकार गिराने का आरोप
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘मैंने हमेशा विकास में विश्वास किया है। हमारे विधायकों को कर्नाटक में बंधक बनाया गया। मुझे जनता ने पांच साल के लिए बहुमत दिया था। प्रदेश पूछ रहा है कि मेरा कसूर क्या है। 15 महीनों से भाजपा साजिश रच रही है। भाजपा सरकार को गिराने की कोशिश में लगी रही। चुनाव में कांग्रेस को सबसे ज्यादा वोट मिले थे। विधायकों को खरीदने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए गए। भाजपा ने किसानों के साथ धोखा किया। एक महाराज के साथ मिलकर भाजपा ने सरकार गिराने की साजिश रची।’
(साभार-अमर उजाला)
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.