रतलाम,10अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी के निर्देश पर पुलिस ने जिले में नशे के खिलाफ मुहिम शुरू कर दी है। शहर सहित फोरलेन की होटलों और ढाबों पर पुलिस छानबीन के लिए गुपचुप रूप से पहुंची। शराब पीने वालों की तो धरपकड़ की साथ में तस्करी भी हाथ आ गए। अफीम तस्करी में तीन धराए वहीं डोडाचूरा के मामले में दो महिलाएं धराई। तस्करी में धराई दो महिलाओं के कब्जे से एक लाख कीमत का डोडाचूरा जब्त किया है वहीं तीन अन्य तस्करों से साठ हजार कीमत की अफीम।
जावरा औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस की टीम रातभर नशा करने और बेचने वालों की धरपकड़ के लिए होटलों-ढाबों पर दबिश दी। वहीं फोरलेन और हाइवे की होटलों और ढाबों पर गुपचुप रूप से पहुंची। तडक़े साढ़े तीन बजे के लगभग टीम को उस समय कामयाबी मिली जब मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में तीन व्यक्ति पकड़ा गए।
पुलिस ने बताया कि महू-नीमच हाइवे रोड पर बड़ायला फंटे के पास शोहराब के ढाबे के सामने से देररात तीन संदेहियों को पकड़ा। पूछताछ में तीनों ही आनाकानी करने लगे। तलाशी में चार सौ ग्राम अफीम जब्त मिलने पर तस्करी की बात कबूली। पुलिस के मुताबिक पकड़ाए युवकों में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के गांव तनोगा का चंदनसिंह उर्फ मंगलसिंह (50), हरियाणा कैथल का तीस वर्षीय दीपक तथा नीमच जिले के छोटा चपलाना का पचपन वर्षीय विक्रमसिंह है। पुलिस ने पकड़ाए तीन युवकों समेत एक अन्य शोहराब उर्फ सोनू निवासी बोरदा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध कायम किया है।
इससे पहले भी टीम ने बोरदा गांव से दो महिलाओं को भी तस्करी में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गांव की दोनों महिला को अवैध रूप से मादक पदार्थ की तस्करी करते पकड़ा। इनके पास से 55 किलो से ज्यादा डोडाचूरा समेत एक काले रंग का मिक्सर, इलेक्ट्रानिक तौल कांटा भी मिला है।
पुलिस ने पकड़ाई दोनों महिला समेत दो अन्य सोनू उर्फ शोहराब और अनस के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट में अपराध कायम किया है। उधर, दीनदायलनगर थाना पुलिस ने सुभाषनगर चौराहे से देशी शराब के 28 क्वार्टर जब्त किए।
ताल पुलिस ने नीमशाब्दी गांव में पुलिया के पास से एक युवक को शराब का परिवहन करते रंगेहाथ पकड़ा। इसके पास से हाथभट्टी की छह लीटर कच्ची शराब, बरखेड़ा पुलिस ने बोरवाड़ा फंटा जमुनियाशंकर रोड से देशी प्लेन क्वार्टर जब्त किए।
शिवगढ़ पुलिस ने मनासा में एक मकान की तलाशी ली तो हाथभट्टी की दस लीटर कच्ची शराब बरामद हो गई। बिलपांक पुलिस ने पांच लीटर कच्ची महुआ शराब, रावटी पुलिस ने पानी की टंकी के पास मलवासी से सात लीटर, कालूखेड़ा पुलिस ने पांच लीटर कच्ची शराब, नामली पुलिस ने पन्द्रह लीटर कच्ची हाथभट्टी की शराब जब्त की।
सरवन पुलिस ने भी एक युवक को शराब ले जाते पकड़ा। इसके पास से दस लीटर हाथभट्टी की कच्ची महुआ शराब जब्त की है। जावरा औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने दस लीटर कच्ची महुआ शराब, रिंगनोद पुलिस ने बांछडा डेरा ढोढर से सात लीटर कच्ची शराब, पेट्रोल पंप के पास महू-नीमच हाइवे रोड ढोढर से दस लीटर हाथभट्टी की कच्ची शराब, एटलेन ब्रिज के पास असावती कुम्हारी रोड से पांच लीटर हाथभट्टी की कच्ची शराब जब्त की। स्टेशनरोड पुलिस ने भी बजरंगनगर रोड पारदी मोहल्ला से देशी शराब के क्वार्टर बरामद किए।
सैलाना पुलिस ने अठारह लीटर कच्ची शराब जब्त करने के साथ ही सार्वजनिक जगह पर शराब पीते नौ लोगों को पकड़ा। पिपलौदा पुलिस ने सुखेड़ा माऊखेड़ी रोड से चार युवकों को खुलेआम शराब पीते पकड़ा। पुलिस कप्तान की मानें तो नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
