रतलाम,11अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। पिछले 13 दिनों से नगर निगम में भवन निर्माण की अनुमति का कार्य बंद है। अनुमति के लिए आम जनता परेशान हो रही है। कई और विभागों में भी काम अटके हुए हैं।

निगम चुनाव में भी भवन निर्माण अनुमति और नामांतरण प्रमुख मुद्दा रहे हैं। इसके बाद भी नई परिषद के जनप्रतिनिधियों ने इस और कोई ध्यान नहीं दिया। जानकारी निकालने पर पता चला कि नगर निगम के नए कमिश्नर हिमांशु भट्ट ने 28 सितंबर को पदभार ग्रहण किया था। लेकिन उनके द्वारा विभागों के दायित्व का निर्धारण नहीं किए जाने से भवन निर्माण अनुमति सहित कुछ अन्य कार्य प्रभावित हो रहे हैं। नए सिरे से विभागों के दायित्व का निर्धारण होने के बाद ही संबंधित विभाग के प्रभारी निर्माण अनुमति जारी कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार सोमवार तक विकास शाखा का दायित्व निर्धारण नहीं होने से वहां भी आमजन से जुड़े कुछ कार्य प्रभावित हो रहे थे।
कल से मिलने लगेगी अनुमति
इस संबंध में खबरबाबा. काम द्वारा निगम आयुक्त हिमांशु भट्ट से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि आज विकास शाखा सहित अन्य विभागों के दायित्व का निर्धारण कर दिया गया है। भवन निर्माण अनुमति संबंधी दायित्व के लिए भी आज ऑर्डर निकल जाएंगे। जिसके बाद कल से अनुमति मिलनी शुरू हो जाएगी।