
रतलाम,12नवम्बर(खबरबाबा.काम)। शहर के औद्योगिक थाना अंतर्गत अलकापुरी क्षेत्र में घर के दूसरे माले पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर एसपी अभिषेक तिवारी और अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के अनुसार मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि अलकापुरी क्षेत्र में घर के दूसरे माले पर 40 वर्षीय राजेश नामक युवक की लाश मिली है। युवक घर में अकेला रहता था। ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर भी किसी के रहने की जानकारी सामने नहीं आई है। युवक की मां उनके किसी रिश्तेदार के यहां रहती है। जब 2 दिन तक युवक की उसकी मां और रिश्तेदारों से बात नहीं हुई तो उसके जीजा उसे ढूंढते हुए पहुंचे। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ।

सूचना मिलने पर औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी अयूब खान सहित अन्य पुलिस अधिकारी, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल मौके पर पहुंच गए थे। एसपी अभिषेक तिवारी भी मौके पर पहुंचे। एसपी श्री तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक दृष्टि में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है लेकिन पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा। एसपी ने कहा कि मामले के खुलासे के लिए चार टीमें बनाई गई है।