
रतलाम,15जुलाई(खबरबाबा.काम)। नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे (8 लेन मार्ग) पर शुक्रवार रात को पत्नी और बच्चे साथ घूमने पहुंचे पटवारी के साथ शराब पी रहे कुछ लोगों ने जमकर मारपीट की। पटवारी ने इसकी शिकायत नामली थाने पर की है।
जानकारी के अनुसार नामली कस्बे में पदस्थ पटवारी जितेंद्र अवस्थी शुक्रवार को ड्यूटी पूरी होन के बाद अपने रतलाम निवास पहुंचे। यहां से वे रात करीब 9.30 बजे पत्नी और तीन और सात वर्षीय बच्चों के साथ नामली के पास एक ढाबे पर भोजन करने जा रहे थे। इस दौरान वे परिवार को 8 लेन दिखाने के रुके। कार एक तरफ खड़ी कर दी। पटवारी की पत्नी भी कार के पास खड़ी हो गईं जबकि पटवारी बच्चों को लेकर 8 लेन पर थोड़ा ही आगे बढ़े थे कि उनकी नजर टोल प्लाजा के पास एक झुंड पर पड़ी। झुंड में कुछ लोग थे जो शराब पी रहे थे।
पटवारी अवस्थी ने उन्हें इस तरह सड़क पर बैठ कर शराब पीने से रोका तो वे भड़क गए। शराब पी रहे लोगों ने पूछा कि वे रोकने वाले कौन हैं। अवस्थी ने परिचय देते हुए बताया कि वे क्षेत्र के पटवारी हैं। इस पर शराबियों ने कहा कि पटवारी की ड्यूटी 5 बजे खत्म हो जाती है, उसके बाद बोलने का कोई अधिकार नहीं। इतना ही नहीं उन्होंने पटवारी पर हमला बोल दिया और मारपीट की। यह देख अवस्थी की पत्नी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और उन्होंने पति को छोड़ने का आग्रह किया लेकिन उन्होंने उनसे भी अभद्रता की। पटवारी अवस्थी घटना के बाद नामली थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी है।