
रतलाम,18जुलाई(खबरबाबा.काम)। स्टेशन रोड थाना पुलिस ने 6 लोगों को डकैती की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया है। एक आरोपी से देसी कट्टा भी जप्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में से 4 ने दो दिन पूर्व गायत्री टॉकीज रोड पर रंगदारी वसूलने के लिए एक ठेला चालक पर भी जानलेवा हमला किया था। मंगलवार को पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोपियों का जुलूस भी निकाला।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अपराधिक प्रवृत्ति वाले असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम राकेश खाखा एवं नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी स्टेशन रोड किशोर पाटनवाला के नेतृत्व में थाना स्टेशन रोड पुलिस टीम द्वारा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगो पर निगरानी रखते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किए गए।
पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली की बाजनखेड़ा फांटे के पास कुछ लोग डकैती की योजना बना रहे है। मुखबिर सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस द्वारा चार टीम बनाकर मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर दबिश दी। दबिश के दौरान 06 लोग हाथो में डंडे व लाठी लेकर रतलाम में लूट करने की योजना बनाते हुए मिले। सभी बदमाश पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ा। सभी आरोपियों से नाम पता पूछने पर उन्होंने अपने नाम भोला उर्फ मोनू पिता रामेश्वर पाटीदार , अजय उर्फ अज्जू पिता जगदीश बरगुंडा, चित्रांश पिता महेश कुमार देसाई,राहुल कांटा पिता धन्नालाल,हितेश ऊर्फ भय्यू पिता सीताराम साहू,मनोज पिता गिरधारीलाल पाटीदार बताया। सभी बदमाशो की वैधानिक तलाशी लेने पर आरोपी भोला पाटीदार की कमर के पीछे से 01 देशी कट्टा व जेब से 02 जिंदा कारतूस मिले। चित्रांश देसाई के पास से खटकेदार चाकू मिला, तथा हितेश साहू के पास से तलवार मिलने पर जब्त किया तथा सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया । गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध 399, 402 भादवी एवं 25-27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। डकैती की योजना बना रहे बदमाशो में से 04 के द्वारा दिनांक 16 जुलाई की शाम थाना स्टेशन रोड अंतर्गत गायत्री टाकीज के सामने एक चाट वाले पर जान लेवा हमला करने के संबंध में हत्या के प्रयास का मामला पंजीबद्ध है।
इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला, उनि सत्येंद्र रघुवंशी, उनि गेंदालाल भूरिया, उनि मुकेश यादव, सउनि प्रदीप शर्मा, सउनि इसाक मोहम्मद खान, सउनि मोहम्मद इरफान खान, प्रधान आरक्षक दिलीप देसाई ,प्रधान आरक्षक शैलेंद्र सिंह राठौड़, प्रधान आरक्षक विनोद गौर, प्रधान आरक्षक लखन यादव, प्रधान आरक्षक मनीष यादव, प्रधान आरक्षक नरेश बाबू, आरक्षक विजय सिंह शेखावत, आरक्षक पवन मेहता, आरक्षक धर्मेंद्र, आरक्षक दीपक मकवाना, आरक्षक अभिषेक पाठक, आरक्षक राजेश बक्शी की भूमिका रही।