
रतलाम,28अगस्त(खबरबाबा.काम)। सोमवार को कृषि उपज मंडी में नीलामी बंद रखे जाने से नाराज किसान ने प्रदर्शन किया और कलेक्टर एवं एसपी से मिलकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की।
सावन के आखिरी सोमवार को रतलाम कृषि उपज मंडी में व्यापारियों द्वारा नीलामी कार्य बंद था। सूचना के अभाव में किसान अपनी उपज लेकर कृषि उपज मंडी पहुंच गए। नीलामी बंद होने से किसान आक्रोशित हो गए। इसके बाद किसान डीपी धाकड़, समरथ पाटीदार और राजेश पुरोहित के नेतृत्व में पैदल मार्च कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।

पुलिस अधीक्षक राहुल लोढ़ा ने इस मामले में किसानों को कलेक्टर श्री सूर्यवंशी के पास जाने की बात कही। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे किसान नेता कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के पास पहुंचे। जिस पर कलेक्टर ने जल्दी ही मंडी प्रबंधन व्यापारियों के संगठन और किसानों के संगठन के साथ बैठक आयोजित कर मंडी की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा कर हल निकालने की बात कही।
पूरे मामले को लेकर विरोध इसलिए भी है कि बीते दिनों प्याज पर निर्यात शुल्क लगाए जाने के विरोध में किसान संगठनों ने कृषि उपज मंडी में नीलामी बंद कर विरोध दर्ज करवाया था। जिस पर पुलिस ने मंडी का गेट बंद किए जाने और जबरन नीलामी बंद करवाने के मामले में कुछ किसान नेताओं के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया था। वहीं, आज सावन सोमवार के आयोजनों का हवाला देकर व्यापारी संघ ने कृषि उपज मंडी नीलामी बंद करवा दी। जिससे फसल मंडी में लेकर पहुंचे नाराज किसान और किसान नेताओं ने पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचकर मंडी नीलामी बंद करवाए जाने के मामले में व्यापारियों और मंडी प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की।