रतलाम: नशे के खिलाफ रतलाम पुलिस द्वारा एक और कदम उठाने की तैयारी… एसपी अमित कुमार ने बनाई 14 सदस्यी टीम, जानिए कैसे करेगी काम

रतलाम, 4नवम्बर(खबरबाबा.काम)। एसपी अमित कुमार ने जिले में अपनी पदस्थापना के बाद से ही नशे के सौदागरो के खिलाफ मुहिम छेड़ रखी है। अब रतलाम पुलिस नशे के खिलाफ एक और कदम उठाने जा रही है, जिसके लिए एसपी अमित कुमार ने 14 सदस्यी टीम का गठन भी कर दिया है।

एसपी अमित कुमार के निर्देशन में रतलाम पुलिस अब नशे के सौदागरो के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नशे की लत का शिकार लोगों को मुख्य धारा में लाने का भी प्रयास करेगी।

नशे की लत का शिकार लोगों और परिवारों तक पहुंचकर होगी चर्चा, विशेषज्ञ की भी लेंगे मदद
नशे के खिलाफ कार्रवाई के लिए बनाई गई टीम स्लम बस्तियों और अन्य चिन्हित क्षेत्र में उन लोगों तक पहुंचेगी जो नशे की लत का शिकार है। पुलिस इन लोगों के साथ-साथ उनके परिवार से भी चर्चा करेगी और समझाइश देते हुए नशे की लत छुड़ाने में कारगर मदद भी करेगी।

रतलाम पुलिस द्वारा इस कार्य में विशेषज्ञों एवं साइकेट्रिस्ट की मदद भी ली जाएगी, ताकि व्यक्ति को नशे की लत से छुटकारा दिलाने में मदद मिल सके। पुलिस नशे की लत का शिकार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेगी बल्कि उनसे यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि वह यह नशा कहां से खरीदते हैं। पुलिस इन लोगों की मदद से नशे के सौदागरों तक पहुंच कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

14 सदस्यी टीम एसपी और एएसपी को करेगी रिपोर्ट
नशे के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसपी अमित कुमार ने 14 सदस्यी टीम का गठन किया है। इसमें 4 निरीक्षक स्तर के अधिकारी,2 एएसआई, 6 प्रधान आरक्षक और 2 आरक्षक शामिल है। यह टीम सीधे एसपी अमित कुमार और एएसपी राकेश खाखा को रिर्पोट करेगी। किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर टीम एसपी और एएसपी के निर्देशन में कार्रवाई करेगी।

इनका कहना है
नशे के खिलाफ कार्रवाई के लिए 14 सदस्यी टीम का गठन किया है। टीम नशे की लत का शिकार लोगों और उनके परिवारों से चर्चा कर उन्हें नशा छोड़ने की समझाइश देते हुए मदद करेगी। नशे के सौदागरों के खिलाफ जानकारी मिलने पर कार्रवाई भी की जाएगी।
-अमित कुमार, एसपी रतलाम










