मंदसौर, 6जून(खबरबाबा.काम)।कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को मंदसौर में सभा को संबोधित करते हुए सत्ता में आने के 10 दिनों के अंदर किसानों का कर्ज माफ करने का वायदा किया है। उन्होंने कहा कि वह खोखले वादे नहीं कर रहे हैं बल्कि जो बोल रहे हैं उसे करके दिखाएंगे। इस रैली को सूबे में पार्टी के चुनाव अभियान की शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है।
पिछले साल किसान आंदोलन के दौरान मंदसौर में हुए गोलीकांड की पहली बरसी पर बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि देने मंदसौर के पिपलियामंडी पहुंचे। राहुल गांधी इस दौरान गोलीकांड से प्रभावित हुए किसान परिवारों से मिले।कांग्रेस ने यहां सभा आयोजित की, जिसे किसान समृद्धि संकल्प रैली का नाम दिया है।रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि हम फूड चेन और फूड प्रोसेसिंग प्लान बनाएंगे। जहां हर जिले का किसान सीधे जाकर अपनी उपज बेच सकेगा। हम आपको मंडी में सीधे पैसा देंगे। हम आपसे खोखले वायदे नहीं करेंगे। जो आप इस मंच से सुनेंगे वो मैं आपको करके दिखा दूंगा। मेड इन इंडिया की तर्ज पर राहुल गांधी ने मेड इन मंदसौर की बात करते हुए कहा कि मेरा सपना है कि 5-7 साल बाद जब हम यहां आएं और अपना फोन देखें तो उसपर मेड इन मंदसौर लिखा हो। किसानों को साधते हुए गांधी ने एक बार फिर मोदी पर निशाना साधा और कहा कि नीरव मोदी और मेहुल को नरेन्द्र 30,000 करोड़ रुपया दिया। इतने पैसे से मध्य प्रदेश में किसानों का दो बार का कर्जा माफ किया जा सकता है। किसानों को अपनी पहली प्राथमिकता बताते हुए राहुल ने कहा कि जो खाना हम खाते हैं वह सब हमारे किसानों और उनके प्रयासों की वजह से है ना कि किसी अमीर बिजनेसमैन की वजह से। इसी वजह से किसान हमारी प्राथमिकता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी ने किसानों से धोखा किया, उन्होंने किसानों से सही दाम दिलवाने का वादा किया था। लेकिन सबसे बड़ा धोखा उन्होंने देश के युवाओं से किया। उन्होंने 15 लाख रुपये और 2 करोड़ नौकरी देने का वादा किया था।
चीन के लोगों को खिलाएंगे मंदसौर का लहसुन
राहुल गांधी ने किसानों से कहा कि आप हमारा साथ देंगे तो हम चीन की राजधानी बीजिंग में लोगों को मंदसौर का लहसुन खिलाएंगे। हम फूड प्रोसेसिंग फैक्ट्री बनाएंगे, उसमें यहां के किसानों के बेटे को रोजगार देंगे. यहां के युवाओं में कोई कमी नहीं है।दस साल के अंदर चीन की राजधानी बीजिंग को हम मंदसौर का लहसून खिलाएंगे। राहुल ने कहा, ‘हम आपसे अपने मन की बात नहीं करेंगे, हम आपके मन की बात सुनेंगे और आपके मन की सरकार बनाएंगे।पिपालियामंडी में आयोजित इस सभा में कांग्रेस के प्रमुख नेता कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांतिलाल भूरिया, दिग्विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। रतलाम से भी भारी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मंदसौर पहुंचे थे।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.