रतलाम 15 सितम्बर(खबरबाबा.काम)। मिनी स्मार्ट सिटी निगरानी समिति की बैठक सोमवार को कलेक्टर रूचिका चौहान की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इसमें विधायक, राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने मिनी स्मार्ट सिटी फेस-टू की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिनी स्मार्ट सिटी योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों में संशोधन के लिए भी सुझाव दिए। इस दौरान महापौर डॉ. सुनीता यार्दे भी विशेष रूप से उपस्थित रही।
निगरानी समिति की बैठक में मिनी स्मार्ट सिटी योजना के कंसलटेंट वास्तुशिल्पी प्रोजेक्ट्स एण्ड कंसलटेंट्स प्रा.लि. भोपाल के प्रवीण भागवत एवं अंकित धूत ने प्रस्तावित कार्यों का प्रेजेंटेशन दिया। इस दौरान शासन की ओर से नियुक्त क्रियान्वयन एजेंसी म.प्र. अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर एस.के. पटवा भी उपस्थित थे। बैठक में बताया गया कि प्रथम चरण के तहत होने वाले कार्यों के लिए बीती 20 अगस्त को प्रस्तुत योजना अनुसार निविदा जारी कर दी गई।
विधायक श्री काश्यप ने इस अवसर पर स्वीकृत कार्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए योजना में शामिल सड़क मार्गों पर आने वाले पुल एवं पुलिया को भी नवनिर्माण में शामिल करने, बिजली पोल एवं पाईप लाईन स्थानान्तरित करने का कार्य भी शामिल करने पर बल दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री मिनी स्मार्ट सिटी फेस-टू की तैयारी शुरू करने के निर्देश देते हुए मास्टर प्लान अनुसार कार्य करने की आवश्यकता जताई। इस योजना में दो रिंग रोड क्रमशः सैलाना रोड सिटी फोरलेन से हनुमान ताल होते हुए विरियाखेड़ी एवं ऊकाला रोड से गुलाब शाह वली दरगाह होते हुए कनेरी तक प्रस्तावित है।
इसके अलावा श्री काश्यप ने मास्टर प्लान में खाचरौद रोड पर बायपास के समीप उल्लेखित स्टेडियम का प्रस्ताव तैयार करने, गंगासागर क्षेत्र में मास्टर प्लान अनुसार भूमि का उपयोग सुनिश्चित कर विकास कार्य की योजना बनाने एवं त्रिवेणी मेला मैदान पर मालवा हाट बाजार विकसित करने का सुझाव भी दिया। इस अवसर पर नगर निगम की सहायक आयुक्त गरिमा पाटीदार, सिटी इंजीनियर जी.के. जायसवाल, सुरेशचंद्र व्यास एवं श्याम सोनी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री के.पी. वर्मा एवं जलसंसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री एच.के. मालवीय आदि उपस्थित थे।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.