रतलाम 16 दिसम्बर 2019/ जय किसान फसल ऋण माफी योजना के द्वितीय चरण पर अमल के लिए जिले में तैयारियां आरंभ कर दी गई है। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सोमवार शाम बैठक लेकर धिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। योजना के तहत द्वितीय चरण में किसानों के चालू खाते पर अब एक लाख रुपए तक के ऋण माफ किए जाएंगे। इसी तरह एनपीए याने कालातीत ओवरड्यू खातों पर दो लाख रुपए तक के ऋण माफ किए जाएंगे। पूर्व में चालू खाते पर 50 हजार रूपए तक तथा एनपीए पर 2 लाख रूपए तक के ऋण माफ़ किये गए है।
बैठक में कृषि विभाग के उपसंचालक उपायुक्त सहकारिता, जिला सहकारी बैंक प्रबंधक आदि उपस्थित थे। बताया गया कि ऋण माफी में प्राथमिकता क्रम प्रथम सहकारी बैंक को दी जाएगी। इसके बाद ग्रामीण बैंक तथा राष्ट्रीयकृत बैंक प्राथमिकता में आएंगे।
प्रथम चरण की ऋण माफी में जिले के बचे 13 हजार 152 गुलाबी फार्म के निराकरण की प्रक्रिया चल रही है। किसान को बैंक द्वारा सूचना देकर मय दस्तावेज शाखा में बुलाया जाएगा। निराकरण प्रक्रिया के तहत जो भी विसंगतियां होंगी वह दूर की जाएंगी। इसके अंतर्गत आधार कार्ड नंबर उपलब्ध नहीं कराया या पूर्व सूची में नाम नहीं था या पिता द्वारा ऋण लिया गया था, उनकी मृत्यु पश्चात बेटे द्वारा ऋण माफी का दावा किया गया या किसान के अनुसार उसकी ऋण राशि में अंतर है। इस प्रकार की सभी विसंगतियों को दूर किया जाकर किसानों की सूची को अंतिम रूप आगामी 15 जनवरी तक दे दिया जाएगा।
जो किसान बैंक द्वारा निर्धारित तिथि को बैंक शाखा में बुलाए जाने पर भी नहीं जा पाते हैं तो वह जिले में आयोजित किए जाने वाले जनपद पंचायत स्तरीय शिविरों में आएंगे, जहां उनके प्रकरण का निराकरण होगा। यह बताया गया कि एक आधार कार्ड पर एक ही व्यक्ति को ऋण माफी का लाभ मिलेगा। इसके अलावा यदि एक ही बैंक में एक व्यक्ति के दो खाते हैं तो बड़ी ऋण राशि वाले खाते की राशि माफी के दायरे में ली जाएगी।
(फाइल फोटो)