रतलाम 7 जनवरी 2020/ राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामशंकर कथेरिया ने मंगलवार को सुबह सर्किट हाउस पर अधिकारियों की बैठक लेकर अनुसूचित जाति वर्ग के हित में आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी, सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप केरकेट्टा, अपर कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे, निगमायुक्त श्री एस.के. सिंह, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री आर.एस. परिहार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में आयोग के अध्यक्ष ने रतलाम जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के हित में संचालित केंद्रीय तथा राज्य शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की जानकारी प्राप्त की। आयोग के अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि अजा-जजा वर्ग के व्यक्तियों को जनसंख्या के अनुपात में शासकीय योजनाओं में लाभान्वित किया जाए। उन्होंने शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास, निःशक्त कल्याण, आयुष्मान कार्ड तथा बैंकों से संबंधित हितग्राहीमूलक योजनाओं में प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश कलेक्टर को दिए। आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवों को पाबंद किया जाए कि गांव में कोई भी निःशक्त व्यक्ति शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे। निःशक्त के प्रति संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है।
आयोग अध्यक्ष ने यह भी निर्देश दिए कि बैंकों से संबंधित हितग्राहीमूलक योजनाओं में अनुसूचित जाति वर्ग के हितग्राहियों को अधिकतम राशि ऋण स्वरूप दिलवाई जाए। यह नहीं हो कि मात्र छोटे-छोटे लोन मिले। उन्होंने अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत जिले में दर्ज किए गए प्रकरणों की संख्या, वितरित राहत राशि की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि इस प्रकार के प्रकरणों में अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के प्रति पूर्ण संवेदनशीलता रखते हुए न्याय दिलवाने का कार्य किया जाए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने आयोग के अध्यक्ष को बताया कि हाल ही में सेना भर्ती में जिले के अनुसूचित जनजाति वर्ग के 40 युवाओं का चयन किया गया है। इन युवाओं को सेना में भर्ती हेतु शारीरिक दक्षता एवं लिखित परीक्षा हेतु जिला प्रशासन द्वारा पूरी तैयारी करवाई गई थी ताकि अधिकाधिक युवा सेना में चयनित हो सके। इसी प्रकार पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी ने बताया कि पुलिस में जिले की युवतियों की विभिन्न पदों पर भर्ती कराने के लिए भी उनकी कोचिंग की जा रही है, इनमें अधिकांश युवतियां अजा-जजा वर्ग की है।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.