रतलाम,14अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। शुक्रवार शाम को पुलिस और प्रशासन का अमला सैलाना बस स्टैंड स्थित मिशन कम्पाउण्ड को खाली कराकर कब्जा लेने पहुंचा। बुलडोजर से यहां के निर्माण को भी तोड़ना शुरू किया।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी के निर्देश पर शहर एसडीएम संजीव पाण्डेय ने आज शाम पूरे अमले के साथ मिशन कम्पाउण्ड पंहुच कर जमीनों का कब्जा लिया। प्रशासन की कार्यवाही के विरोध में कांग्रेस के नेता भी मौके पर पंहुचे,लेकिन प्रशासन ने उनकी नहीं सुनी। अतिक्रमण हटाने से नाराज मिशन कम्पाउण्ड में रहने वाले लोगों ने सैलाना बस स्टैण्ड पर चक्काजाम कर दिया।
अधिकारिक जानकारी के अनुसार,शहर एसडीएम संजीव पाण्डेय आज शाम करीब चार बजे दल बल सहित मिशन कम्पाउण्ड पंहुचे और कब्जा हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद जेसीबी मशीनों ने मिशन कम्पाउण्ड में बने निर्माण ढहाना शुरु कर दिया।
प्रशासन की इस ताबडतोड कार्यवाही की जानकारी मिलते ही युवक कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट मौके पर पंहुचे और उन्होने प्रशासन की कार्यवाही का विरोध किया।
प्रशासन के अमले ने तीन जेसीबी मशीनों की मदद से मिशन कम्पाउण्ड के निर्माणों को ढहाया। मिशन कम्पाउण्ड मेें निवास करने वाले लोगों ने इस कार्यवाही के विरोध में सैलाना बस स्टैण्ड पर चक्काजाम कर दिया।