
रतलाम,23अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। आदिवासी अंचल के जंगल में नाबालिग बालिका की लाश मिली। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को पता चला कि बालिका की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने हत्या के मामले में एक युवक के खिलाफ नामजद अपराध कायम किया है। एक अन्य युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

बालिका की लाश बाजना थाने के छोटिया बावड़ी के गांव में जंगल पहाड़ी माल में मिली है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामसिंह भाबोर थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। मृतिका सोलह बरस के आसपास की बताई जा रही है।
वह शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली है और बाजना में हाट करने आई थी इसके बाद कल सुबह छोटियाबावड़ी के जंगल पहाड़ी माल में लाश मिली।

प्रारंभिक तौर पर उसके मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले को जांच में लिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि मृतिका बालिका की मौत गला दबाने से हुई है। इस मामले में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ हत्या के मामला धारा 302 भादवि में दर्ज कर मुलजिम की तलाश शुरू कर दी है। अभी युवक की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

इसके अलावा जिले के आलोट थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ है। उज्जैन जिले के महिदपुर रोड थाना अंतर्गत भीम पिपलिया गांव के पैंतीस वर्षीय ईश्वरलाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 अक्टूबर को वह रिछा में जुझार सेठिया के खेत पर था कि गांव के ही एक अन्य युवक ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाकू के वार से युवक को गंभीर चोट आई। जानलेवा हमंले की वजह पता नहीं चली है। पुलिस ने युवक के खिलाफ नामजद अपराध कायम कर लिया है।






