रतलाम ,7अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। दो पहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट न लगाने पर चालानी कार्रवाई का भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने विरोध व्यक्त करते हुए कहा कि यह चालानी कार्रवाई गरीब व कमजोर वर्ग के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
श्री कटारिया ने बयान में बताया कि वैसे ही त्यौहार के दिनों में लोग आर्थिक रुप से परेशान है, ऐसे में पुलिस द्वारा हजार-दो हजार रुपये के चालान बनाकर उन पर आर्थिक दबाव डाला जाना न्यायोचित नहीं है। यह आर्थिक बोझ सामान्य व्यक्तियों तथा ग्रामीणों के लिए वहन करना मुश्किल है। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हेलमेट अनिवार्य किया गया है,यह कदम स्वागत योग्य है,लेेकिन शहर व परिस्थितियों को देखकर इस आदेश का पालन होना चाहिए।
खराब सड़कों पर हेलमेट लगाकर वाहन चलाना मुश्किल
श्री कटारिया ने कहा कि रतलाम शहर तथा जिले में सड़कों की स्थिति बारिश के बाद और अधिक खराब हुई है, ऐसे में दो पहिया वाहन चलाना भी लोगों के लिए मुश्किल है, यदि हेलमेट लगाया गया तो और दुर्घटनाएं होगी। दीपावली के बाद व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के बाद हेलमेट अनिवार्य किया जाए तो लोगों को परेशानी कम होगी। त्यौहार के दिनों में महंगा हेलमेट खरीदना भी लोगों के लिए मुश्किल है। यातायात पुलिस व जिला प्रशासन न्यूनतम दरों पर नागरिकों को हेलमेट उपलब्ध करवाए,क्योंकि वर्तमान में सात सौ से एक हजार रुपये के बीच हेलमेट बिक रहे है जो हर किसी के लिए खरीदना संभव नहीं है।
श्री कटारिया ने कहा कि इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर दीपावली के बाद चालानी कार्रवाई करने के संबंध में चर्चा की जाएगी। फिलहाल हेलमेट को लेकर व्यापक हो रहे विरोध को देखतेे हुए प्रशासन तत्काल चालानी कार्रवाई को रोके
