
रतलाम,9नवम्बर(खबरबाबा.काम)। चोरी की वारदात थम नहीं रही है। बदमाश दुकान-मकान के ताला चटका रहे है वहीं वाहन चोर भी चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे है। जिले के सरवन गांव में बदमाशों ने एक दुकान का ताला चटका दिया। वाहन चोर दो जगह से वाहन चुरा ले भागे।
दुकान में चोरी की वारदात सरवन में इलियास शराफत खान के यहां हुई है। पुलिस के मुताबिक इलियास की सदर बाजार में दुकान पर 7-8 नवंबर की रात को बदमाश शटर का ताला तोड़ दुकान में घुस गए। बदमाश वहां से दो मोबाइल ले भागे। दुकान में चोरी का पता चलते ही फरियादी इलियास ने इसकी सूचना सरवन थाना पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का अपराध कायम किया।
इसके अलावा हतनारा रहवासी भागीरथ धाकड़ के खेत पर भी चोरी हो गई। धाकड़ ने पिपलौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24-25 अक्टूबर की रात को खेत से तकरीबन 230 फीट एल्युमीनियम तार चोरी हो गया। फरियादी ने तार चोरी में गांव के ही एक युुवक पर शंका जाहिर कर उसके खिलाफ नामजद दर्ज कराई है। पुलिस ने संदेही के खिलाफ चोरी का अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, वाहन चोर रतलाम सब्जी मंडी से बाइक ले भागे। सखवाल नगर रहवासी निर्मल व्यास ने स्टेशनरोड पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी की बाइक सैलाना बसस्टेंड सब्जी नीलाम मंडी में हनुमान मंदिर के सामने से चोरी हो गई। बताते है कि 15 अक्टूबर की सुबह वह मोबाइक से सब्जी गया था। साढ़े आठ बजे के लगभग उसने बाइक मंदिर के सामने खड़ी की और आधे घंटे के अंतराल में वापस लौटा तो मोबाइक को नदारत पाया। वाहन को नहीं पाकर उसन मंडी के अलावा आसपास काफी तलाश की लेकिन वाहन का कहीं कोई पता नहीं चल पाया। बाद में फरियादी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके अलावा जावरा के भारत कॉलोनी रहवासी योगेश माली का स्कूटर चोरी हो गया। योगेश ने जावरा शहर थाने में रिपोट दर्ज कराई कि 7 नवंबर की रात में वह एक्टिवा स्कूटर से नरसिंहपुरा गया था। वाहन मस्जिद के पास खड़ा कर काम से गया कि इसी बीच वाहन चोर स्कूटर ले भागे। एक घंटे बाद जब लौटा तो स्कूटर खड़ा नहीं मिला।
30 साल पुरानी नथनी चोरी, दो पर केस
रतलाम। तीस साल पुरानी नथनी चोरी हो गई। महिला ने दो व्यक्ति के खिलाफ चोरी का अपराध कायम करवाया है।
झमलापाड़ा रहवासी पैंतालीस वर्षीय प्रेमबाई डोडियार ने बाजना थाने में गांव के ही दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादिया का आरोप है कि गांव के दो व्यक्ति उसके घर से 11 जुलाई को नथनी चुरा ले गए। चोरी गई चार ग्राम वजनी नथनी तीस साल पुरानी बताई जाती है। बाजना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद अपराध कायम कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना उपनिरीक्षक रघुनाथसिंह मेहड़ा कर रहे है।