
रतलाम,4नवम्बर(खबरबाबा.काम)। तीन दिन पूर्व हाईवे पर हुई लूट की वारदात का रतलाम पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वारदात करने वाले 6 आरोपियों में से 4 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ में अन्य वारदातों का खुलासा होने की भी संभावना है।
लूट की वारदात का खुलासा एसपी अभिषेक तिवारी ने शुक्रवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर किया।
यह वारदात की थी
एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि 31 अक्टूबर को नामली निवासी अनिल पिता शिवनारायण 35 वर्ष जावरा से अपनी मोटरसाइकिल पर लौट रहा था। रात करीब 12:20 बजे वह फुलवारी होटल के आगे महू नीमच रोड पर लघुशंका के लिए रुका। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन अज्ञात बदमाश आए और अनिल को पीछे से चाकू उड़ा कर उसकी जेब में रखें 6300 रुपए निकाल लिए। बदमाशों ने उसका एटीएम कार्ड ,मोबाइल भी छीन लिया और उसकी मोटरसाइकिल लूट कर मौके से भाग गए। इस मामले में नामली पुलिस ने धारा 392 के तहत प्रकरण दर्ज किया था।
ऐसे हुआ खुलासा
लूट की इस वारदात को देखते हुए एसपी अभिषेक तिवारी ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 3 हजार रुपए का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की थी। एसपी ने एएसपी सुनील पाटीदार, रतलाम ग्रामीण एसडीओपी संदीप निगवाल के मार्गदर्शन में एक टीम का भी गठन किया था। एसपीसी तिवारी ने बताया कि टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर संदेहियों तक पहुंच कर उनसे पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल की।
यह हुए गिरफ्तार
एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि लूट की वारदात के मामले में कालूखेड़ा निवासी आसिफ पिता नूर मोहम्मद 24 वर्ष, दिनेश पिता भवरलाल उम्र 39 वर्ष, हुकम सिंह पिता भेरु सिंह 32 वर्ष और जाहिद पिता नजीर 22 वर्ष निवासी जावरा को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल अजय निवासी ग्राम मुण्डली थाना कालूखेड़ा और एक नाबालिक बालक की तलाश की जा रही है। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल ,नगद राशि और चाकू जप्त किया गया है।
बजंली बाईपास पर लूट की वारदात भी कबूली
एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में नामली में हुई लूट की वारदात के अगले दिन बंजली बाईपास पर हुई लूट की वारदात को भी करना कबूल किया है। कस्तुरबा नगर निवासी देवेश गोयल के साथ आरोपियों ने हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। श्री गोयल अपनी मंगेतर के साथ होटल में खाना खाने जा रहे थे ।इसी दौरान आरोपियों ने रास्ते में वारदात को अंजाम देते हुए 13 हजार नगद, एक घड़ी और उनकी मंगेतर का पर्स छीन लिया था। एसपी श्री तिवारी ने बताया कि पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।