
रतलाम, 24 अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। भारतीय जनता पार्टी के रतलाम शहर विधानसभा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ मंगलवार को सांसद गुमानसिंह डामोर, जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय, जिलाध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, जिला संयोजक बजरंग पुरोहित, महापौर प्रहलाद पटेल एवं निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा की उपस्थिति में विधायक एवं भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने फीता काटकर दीप प्रज्जवलित किया।
इस अवसर पर शहर विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने कहा कि मैं भाषण देने वाला व्यक्ति नहीं हूँ अपितु काम करने वाला व्यक्ति हूँ। विधायक के रूप में 10 सालों में जो काम किए है, वे मैं अकेला नहीं, अपितु पार्टी के हज़ारों कार्यकर्ता बोलेंगे। समारोह से पहले विधि विधान से पूजा अर्चना कर कार्यालय का शुभारंभ किया गया। कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर ऐतिहासिक जीत का संकल्प लिया।

चुनाव कार्यालय शुभारंभ में पार्टी, मोर्चा, प्रकोष्ठ के प्रदेश, जिला, मण्डल पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे। इन्हें संबोधित करते हुए विधानसभा प्रत्याशी श्री काश्यप ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि कार्यकर्ताओं के उत्साह एवं मेहनत से भाजपा इस चुनाव में नया इतिहास लिखेगी। जिले की पांचो सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।
सांसद श्री डामोर ने कहा कि लोकसभा से पहले हो रहे विधानसभा के चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। इनसे मध्यप्रदेश ही नहीं अपितु देश के लिए भी दिशा तय होगी। प्रदेश की जीत से राज्यसभा में भी भाजपा को मजबूती मिलेगी।
जिला प्रभारी प्रदीप पाण्डेय ने कहा कि रतलाम के भाजपा प्रत्याशी राजनीतिक से अधिक सामाजिक कार्यकर्ता है। समाज के लिए जब भी कोई कार्य करता है, तो उसके साथ अदृश्य आशीर्वाद काम करता है।
जिलाध्यक्ष श्री लुनेरा, महापौर प्रहलाद पटेल एवं आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने भी संबोधित किया।
आरंभ में विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल ने स्वागत भाषण दिया। इस अवसर पर 10 सालों के दौरान शहर में हुए कार्यों पर केन्द्रित शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इसमें विधायक चेतन्य काश्यप द्वारा 10 साल में किए गए विकास कार्यों के साथ सेवा, आध्यात्म और खेल, शिक्षा के कार्यों पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा ने किया। आभार कार्यालय प्रभारी महेन्द्र नाहर ने माना।
पार्षद उमा डोई सहित कार्यकर्ता भाजपा में शामिल
चुनाव कार्यालय शुभारंभ समारोह में वार्ड न. 26 की पार्षद उमा डोई, रामचंद्र डोई, आशुतोष चौहान, कैलाश सोनी ‘भईड़ा’ कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हुए। सभी नेताओं का विधानसभा प्रत्याशी श्री काश्यप, सांसद श्री डामोर, जिला प्रभारी श्री पाण्डेय ने स्वागत किया। जिलाध्यक्ष श्री लुनेरा ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर भाजपा की सदस्यता प्रदान की। भाजपा की सदस्यता लेने के बाद सभी ने विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने का संकल्प दोहराया।