
भोपाल: आधी रात को हुआ प्रदेश के पुलिस महकमें में बड़ा फेरबदल- रतलाम एसपी रहे आईपीएस उमेश जोगा होंगे उज्जैन रेंज के नए एडीजीपी… , आईजी संतोष सिंह होंगे इंदौर कमिश्नर
भोपाल,23अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। प्रदेश में आधी रात को पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। 7 आईपीएस अफसरों के तबादले किए गए।
अपर परिवहन आयुक्त, ग्वालियर, उमेश जोगा को उज्जैन जोन का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) बनाया गया है। आईपीएस उमेश जोगा रतलाम एसपी रह चुके हैं। इसके पूर्व आईपीएस श्री जोगा एसपी झाबुआ, एसपी रीवा, आईजी चंबल रेंज, आईजी रीवा, एडीजीपी जबलपुर रेंज भी रह चुके हैं।

इंदौर पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता को मुख्यमंत्री का ओएसडी बनाया गया है। वर्तमान ओएडी राजेश हिंगणकर 31 अक्टूबर को रिटायर हो रहे हैं। वहीं आईजी उज्जैन संतोष सिंह को इंदौर का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।

जबलपुर, देवास और बड़वानी के एसपी बदले गए
गृह विभाग से जारी आदेश के मुताबिक तीन जिलों जबलपुर, देवास और बड़वानी जिले के एसपी बदल गए हैं। जबलपुर एसपी आदित्य प्रताप सिंह पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किए गए हैं। उनकी जगह देवास के एसपी संपत उपाध्याय को जबलपुर एसपी बनाया गया है। बड़वानी एसपी पुनीत गहलोत को देवास का एसपी बनाया गया है। इंदौर के पुलिस उपायुक्त जगदीश डाबर को बड़वानी का एसपी बनाया गया है।
