रतलाम: ट्रैक्टर और ट्राले की जोरदार टक्कर, एक की मौत, ट्राले में लगी आग… ड्राइवर मौके से भाग, रतलाम से दमकल ने पहुंचकर पाया आग पर काबू
रतलाम, 25अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। जिले के बिलपांक थाना क्षेत्र अंतर्गत सातरूंडा में शुक्रवार दोपहर एक ट्राले और ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्राले में आग लग गई। रतलाम से दमकल ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। घटना के बाद ट्राला चालक मौके से भाग गया।

जानकारी के अनुसार इंदौर से रतलाम की और आ रहे तेज गति ट्राले ने आगे चल रहे ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर कुछ मीटर तक घसीटता हुआ चला गया । हादसे में बिलपाक क्षेत्र के अमलेटी गांव के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज हेतु रतलाम जिला अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद तेज गति से ट्राला सड़क पर पास बने एक कच्चे मकान को तोड़ता हुआ पेड़ से टकरा गया। जिसके बाद ट्राले में आग लग गई। घर के पास बैठे तीन लोगों ने भाग कर अपनी जान बचाई,अन्यथा दुर्घटना बड़ी हो सकती थी।
घटना के बाद चालक फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। रतलाम से फायर ब्रिगेड द्वारा पहुंचकर ट्राले में लगी आग को बुझाया गया।


