रतलाम: 3 करोड़ की एमडी ड्रग्स के मामले में रतलाम पुलिस ने मुंबई के युवक सहित दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया
रतलाम,8अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ शुरू हुई कार्रवाई के दौरान पकड़ी गई तीन करोड़ की एमडी ड्रग्स के मामले में पुलिस ने मुंबई के एक युवक सहित दो और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।गिरफ्तार आरोपियों से एक आल्टो कार भी बरामद की गई है।
चार दिन पूर्व जिले के ताल थाना क्षेत्र अंतर्गत खारवांकला चौकी पर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करके उनके पास से तीन किलो अवैध मादक पदार्थ एमडी और एक किलो से ज्यादा डोडाचूरा जब्त किया था। जिसकी कीमती 03 करोड़ रुपए से भी ज्यादा है।
एसपी अमित कुमार द्वारा प्रकरण में फरार अन्य आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के लिए एएसपी राकेश खाखा एवं एसडीओपी आलोट श्रीमती शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना ताल एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम का गठन किया था। पुलिस टीम ने फरार अन्य दो आरोपी सलमान पिता सलाउद्दीन उम्र 22 साल निवासी मुम्बई व गोलु उर्फ गुलशेर पिता इम्तियाज खाँन पठान उम्र 19 साल निवासी बरखेडा कला तह आलोट जिला रतलाम को गिरफ्तार करके एक आल्टो कार को भी बरामद किया गया। प्रकरण में अग्रिम जांच जारी है।