रतलाम: आरआई के साथ बाइक पर सवार होकर कार्रवाई के लिए निकले एसपी अमित कुमार,आईए थाना क्षेत्र के ढाबों पर परोसी जा रही थी शराब… बीट प्रभारी पर गिरेगी गाज,टीआई को भी नोटिस
रतलाम: आरआई के साथ बाइक पर सवार होकर दबिश के लिए निकले एसपी अमित कुमार,आईए थाना क्षेत्र के ढाबों पर परोसी जा रही थी शराब… बीट प्रभारी पर गिरेगी गाज,टीआई को भी नोटिस
रतलाम,14नवम्बर(खबरबाबा.काम)। समय -रात करीब 11 बजे। एसपी अमित कुमार हेलमेट पहने आरआई मोहन भरावत के साथ बाइक पर सवार होकर निकल पड़ते है। अचानक निकले एसपी कहां जाएंगे, क्या करेंगे किसी को नहीं पता। एसपी शहर के आसपास स्थित ढाबों पर पहुंचे और निरीक्षण किया। कुछ ढाबों पर शराब पीते लोग मिले। एसपी ने इन पर कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी एसपी ने नाराजगी की जाहिर की। एसपी की कार्रवाई के बाद बीट प्रभारी पर गाज गिरना तय मानी जा रही है।
पुलिस कप्तान अमित कुमार पुलिस अमले की कार्यप्रणाली में कसावट के लिए लगातार सक्रिय बने हुए हैं। कभी साइकिल पर सवार होकर जिले के भ्रमण पर निकल रहे हैं तो कभी अचानक बाइक पर सवार होकर गोपनीय रूप से थाना पुलिस की व्यवस्था को परख रहे हैं। बीती रात भी एसपी ने शहर भ्रमण कर व्यवस्था को देखा और कुछ ढाबों पर स्वयं जाकर दबिश दी।
बिना गनमैन के गोपनीय रूप से बाइक पर निकले
रात में पुलिस की सक्रियता और गश्त व्यवस्था को परखने एसपी अमित कुमार बिना गनमैन के गोपनीय रूप से बाइक पर निकले। बाइक आरआई चला रहे थे और एसपी पीछे बैठे थे। दोनों ने हेलमेट पहन रखे थे इसलिए शुरू में कोई पहचान भी नहीं पाया। जब एसपी अचानक ढाबों पहुंचे तो सभी को पता चला। इसके बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
ढाबो पर छलकाए जा रहे थे जाम
एसपी ने स्वयं कुछ ढाबों पर दबिश दी। आईए थाना क्षेत्र अंतर्गत कुछ ढाबों पर लोग बैठकर शराब पीते मिले। एसपी अमित कुमार ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ स्थानों पर शराब की बोतलें जब्त की गई। एसपी अमित कुमार ने थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को दबिश के निर्देश भी दिए।
बीट प्रभारी पर करवाई,टीआई को नोटिस…
एसपी अमित कुमार ने बताया कि रात में गोपनीय रूप से पुलिस की सक्रियता और गश्त व्यवस्था को देखने के लिए बाइक पर सवार होकर निकले थे। ढाबों पर भी चेकिंग की गई। कुछ स्थानों पर लोग शराब पीते मिले। इस मामले में बीट प्रभारी पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, वहीं थाना प्रभारी को भी नोटिस देकर जवाब लिया जाएगा।