रतलाम: आधी रात को शहर में औचक निरीक्षण पर निकले एसपी अमित कुमार , रात में चौकी मिली बंद,सोते मिले सालाखेड़ी चौकी प्रभारी…. लापरवाही पर एसपी ने दी यह सजा, बेवजह घूम रहे युवाओं की टोली को थाने भेजा

रतलाम,10नवम्बर(खबरबाबा.काम)। शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि एसपी अमित कुमार शहर के औचक निरीक्षण पर निकले। इस दौरान उन्होंने जहां गश्त व्यवस्था का निरीक्षण किया, वहीं थाना और चौकियों को भी देखा। सालाखेड़ी चौकी बंद मिलने और चौकी प्रभारी के सोते मिलने पर शोकाज नोटिस भी दिया।
एसपी अमित कुमार रात 1:00 बजे बाद शहर में निकले। निरीक्षण करते हुए एसपी सालाखेड़ी चौकी पर पहुंचे। यहां चौकी बंद मिली। एसपी ने चौकी प्रभारी के सोते मिलने पर उन्हें शोकाज नोटिस देकर पूछा कि उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए। यहां ड्यूटी पर मौजूद आरक्षक को भी उन्होंने चौकी बंद कर सोने पर 1 घंटे तक बाहर खड़े रहने की सजा दी।
एसपी अमित कुमार ने स्टेशन रोड, घांस बाजार, माणक चौक सहित शहर के अन्य क्षेत्र में भी गश्त व्यवस्था का निरीक्षण किया।
बेवजह टोली बनाकर घूम रहे लड़कों को थाने भेजा
स्टेशन रोड क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एसपी को चार पहिया वाहनों में युवाओं की टोली बेवजह घूमती देखी। एसपी ने उन्हें रोक कर घूमने का कारण पूछा तो कोई जवाब नहीं दे पाए। कुछ युवा अन्य प्रदेश के थे। एसपी ने सभी को थाने भिजवाया जहां से उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा गया। एसपी ने रात में घुम रहे अन्य लोगों से भी पूछताछ की।
















