रतलाम से भाईदूज मनाने उज्जैन गए दो भाइयों के साथ गाड़ी टकराने की बात पर मारपीट, आंख और चेहरे पर गंभीर चोट

रतलाम,3नवम्बर(खबरबाबा.काम)। शनिवार शाम रतलाम के दो भाइयों के साथ उज्जैन में गाड़ी टकराने की बात को लेकर कुछ लोगों ने मारपीट की। मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों भाई रतलाम से भाई दूज बनाने के लिए उज्जैन गए थे। एक भाई को आंख और चेहरे पर गंभीर चोट आई है।पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है।

जानकारी के अनुसार रतलाम के नरेंद्र पिता सोहनलाल अग्रवाल 51 वर्ष बड़े भाई गिरीश अग्रवाल के साथ भाईदूज मनाने के लिए कार से उज्जैन गए थे। महाकाल क्षेत्र में उनके बड़े जीजाजी की होटल है। जहां उन्होंने अपनी कार खड़ी की थी।
नरेंद्र अपने भाई गिरीश के साथ कार से महाकाल लोक के समीप त्रिवेणी संग्रहालय के सामने इंटरप्रिटिशन पार्किंग के पास से होते हुए गंगा गार्डन की ओर जा रहे थे। इस दौरान दोपहिया वाहन से आए दो युवक गाड़ी टकराने की बात को लेकर उनसे विवाद करने लगे। नरेंद्र ने बताया दोनों युवक बेहद नशे में थे।

कहासुनी के बाद दोनों युवक वहां से चले गए लेकिन कुछ मिनट बाद ही वह वापस उनकी कार का पीछा करते हुए आए और अचानक गिरीश अग्रवाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीचबचाव करने के लिए जब नरेंद्र कार से उतरे तो दोनों बदमाश उन पर टूट पड़े। दोनों युवकों ने नरेंद्र के साथ इस कदर मारपीट की कि उन्हें आंख और चेहरे पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गए। दोनों बदमाशों ने उनकी कार का दरवाजा भी तोड़ दिया।

घटना के बाद नरेंद्र घायल अवस्था में महाकाल थाने पहुंचे।यहां से उन्हें मेडिकल कराने के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में पुलिस ने जयसिंहपुरा में रहने वाले अमन और विशाल नामक युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की है। नरेंद्र रतलाम में मीडियाकर्मी है।












