रतलाम: जिले में चोरी,रेप,बलवा, महिला संबंधी अपराधों में आई कमी….हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, अपहरण के मामले बढ़े, मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की अच्छी कार्रवाई-पिछले वर्ष से 42 प्रतिशत अधिक प्रकरण दर्ज
रतलाम, 31दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। वर्ष 2024 के विदाई में अब कुछ समय ही शेष है। इस पुरे वर्ष में जिले में हुए अपराधों के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो पिछले वर्ष की तुलना में कई अपराधों में कमी आई है, वहीं कई मामलों में बढ़ोतरी भी हुई है। इस वर्ष एनडीपीएस के मामलों में पुलिस ने काफी अच्छी कार्रवाई की है।
पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष चोरी, रेप, दंगा, महिलाओं के साथ मारपीट, बलात्कार, दहेज हत्या के प्रकरणों में कमी दर्ज की गई है। वहीं दूसरी और जिले में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती,अपहरण के प्रकरणों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मादक पदार्थों के खिलाफ 42 प्रतिशत अधिक कार्रवाई
जिले में नशे के सौदागर के खिलाफ इस साल काफी अच्छी कार्रवाई हुई है। खासकर एसपी अमित कुमार के जिले में पदस्थापना के बाद पिछले तीन महीनों में एनडीपीएस के प्रकरणों में काफी वृद्धि देखी गई है।अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध पिछले वर्ष की तुलना में 42 प्रतिशत अधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।प्रतिबंधात्मक करवाई में भी बढ़ोतरी हुई है।
इनका कहना है
रतलाम पुलिस द्वारा अपराधों में कमी लाने के निरंतर प्रयास जारी है। कुछ प्रकार के अपराधों में कमी आई है, जिस प्रकार के अपराधों में कमी दर्ज नहीं हुई है, उनको रोकने के लिए और बेहतर प्रयास किए जाएंगे।
-अमित कुमार,एसपी रतलाम

