रतलाम: मंगलवार रात जावरा की आईस फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीकेज, आसपास के घरों को खाली कराया गया,पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर लीकेज बंद करवाया, एसपी अमित कुमार भी मौके पर पहुंचे
रतलाम,9अप्रैल(खबरबाबा.काम)। मंगलवार रात जावरा के आंटिया चौराहा स्थित एक आइस फैक्ट्री में टैंक से अमोनिया गैस लीकेज होने से हड़कंप मच गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और लीकेज को बंद करवाया। फैक्ट्री के पास स्थित क्षेत्र के कुछ लोगों को लिकेज से आंखों की जलन की समस्या हुई हैं, जिन्हें मेडिकल उपचार भी दिया गया है। देर रात तक एसपी अमित कुमार सहित अधिकारी मौके पर ही मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार आंटिया चौराहा पर पोरवाल की फैक्ट्री है, जहां के एक टैंक में मंगलवार रात गैस लीकेज हुई। फैक्ट्री के पास ही पुलिस लाइन है। यहां जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मों रात में टहल रहे थे। इसी दौरान उनकी आंखों में आंसू आने लगे और जलन होने लगी। सीएसपी के माता-पिता व भाई को भी इसका असर हुआ। तब गैस लीकेज के बारे में पता चला। तत्काल पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारियों को सूचना दी गई और आसपास के घर खाली करवाए गए।

एसपी अमित कुमार भी तत्काल जावरा पहुंचे
गैस लीकेज की जानकारी मिलते ही एसपी अमित कुमार भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। जावरा एसडीएम त्रिलोचन गौड़, जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मों, एसडीओपी संदीप मालवीय, थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन अपने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करवाना शुरू किया और लीकेज को बंद कराया। तत्काल मौके पर फायर लारियां बुलाई गई। फैक्ट्री में स्थित टैंक पर पानी का छिड़काव किया। आसपास के क्षेत्रों में भी पानी का छिड़काव फायर लॉरी से किया गया।

