
रतलाम: कार से आ रही थी बदबू, दरवाजा खोलते ही उड़ गए होश…. कार के अंदर से मिली युवक की लाश, फ्रीगंज क्षेत्र का मामला, एसपी अमित कुमार मौके पर पहुंचे
रतलाम,3अप्रैल(खबरबाबा.काम)। स्टेशन रोड थाना अंतर्गत फ्रीगंज क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक दुकान के बाहर खड़ी कार में से युवक की लाश बरामद हुई। सूचना मिलने पर एसपी अमित कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पीएम के लिए पहुंचाकर अपनी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार फ्रीगंज क्षेत्र स्थित एक दुकान के बाहर खड़ी कार में अज्ञात युवक की लाश मिलने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि कार मलिक को कार से बदबू आ रही थी। उन्होंने कार को धूलवाने के लिए जब दरवाजा खोला तो होश उड़ गए। कार के अंदर युवक की लाश थी। कार मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। लाश मिलने की सूचना पर एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल और स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी मौके पर पहुंचे। शव मिलने सूचना पर मौके पर काफी भीड़ भी जमा हो गई थी।

पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी खंगाले,जिसमें मृतक करीब दो दिन पहले कार में बैठता हुआ दिखाई दे रहा है। प्रथम दृष्टया युवक की मौत दम घुटने से होना बताई जा रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। युवक के शव को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने और आगे की जांच के बाद ही युवक की मौत का पता चल पाएगा। पुलिस युवक की शिनाख्ती के प्रयास कर रही है।
