रतलाम 30 सितम्बर 2019। नगरीय निकायों में नागरिकों की समस्याओं का निराकरण अब उनके मोहल्ले में ही होगा। राज्य सरकार द्वारा नागरिकों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं का निराकरण करने के लिये गाँधी जयंती 2 अक्टूबर से ‘शहर सरकार-आपके द्वार‘ अभियान शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 22 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री जयवर्द्धन सिंह ने बताया कि अभियान में ई-नगरपालिका पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। इसके लिए जरूरी कम्प्यूटर, लेपटॉप आदि की व्यवस्था शिविर स्थल पर ही की जायेगी। उन्होंने कहा कि सी.एम.हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण का सत्यापन भी किया जायेगा। नागरिकों को ऑनलाइन भवन अनुज्ञा से संबंधित आटोमेटेड बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम की जानकारी दी जायेगी। सूखे एवं गीले कचरे का घर पर पृथक्कीकरण शुरू कराया जायेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना में जिनके आवास पूर्ण हो गये हैं, उनको गृह प्रवेश कराया जायेगा।
अभियान के दौरान पात्र हितग्राहियों को आवासीय पट्टे दिये जायेंगे। पूरे हुए निर्माण कार्यों का लोकार्पण और प्रस्तावित निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया जायेगा। अभियान में वाटर हार्वेस्टिंग, युवा स्वाभिमान, पॉलीथिन मुक्ति, बेसहारा गोवंश का संरक्षण आदि विषयों पर चर्चा की जायेगी। इस दौरान आयोजित शिविरों में विभिन्न विषयों पर जानकारी देने के लिए स्वयं सेवकों का भी चयन किया गया है। राज्य स्तर पर प्रतिदिन अपर आयुक्त ई-नगरपालिका द्वारा अभियान की समीक्षा की जाएगी। इसकी पूरी रिपोर्ट प्रतिदिन प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास और आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास को प्रतिदिन दी जायेगी।
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.