नई दिल्ली, 3नवम्बर2019/ भारत और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट गंवा कर 148 रन बनाए और बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 149 रनों का टारगेट रखा. भारत के लिए शिखर धवन ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए जबकि ऋषभ पंत ने 27 रनों की पारी खेली. इसके अलावा वॉशिंगटन सुन्दर और क्रुणाल पंड्या ने अंत में तेजी से रन बनाए.
भारत को रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन 10 रन के कुल स्कोर पर रोहित शर्मा के रूप में टीम इंडिया को पहला झटका लग गया. रोहित शर्मा को सैफुल इस्लाम ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. रोहित 9 रन बनाकर लौटे. इसके बाद केएल राहुल भी 15 रन बनाकर आउट हो गए. राहुल को अमिनुल इस्लाम ने महमूदुल्लाह के हाथों कैच आउट करा दिया. श्रेयस अय्यर 22 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद भारत ने शिखर धवन (41), शिवम दुबे (1), ऋषभ पंत (27) के विकेट भी गंवा दिए.
बांग्लादेश ने भारत को दी पहले बैटिंग
बांग्लादेश के कप्तान महमूदुल्लाह रियाद ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है और भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है. इस टी-20 सीरीज में रोहित शर्मा भारत की कप्तानी कर रहे हैं. विराट कोहली को टी-20 सीरीज के लिए आराम दिया गया है, वह बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में हिस्सा लेंगे.
मुंबई के ऑलराउंडर शिवम दुबे को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला है. दूसरी ओर, बांग्लादेश के लिए मोहम्मद नइम अंतरराष्ट्रीय क्रिकट में पर्दापण करेंगे. मेहमान टीम में अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल-हसन नहीं हैं. मैच-फिक्सिंग मामले में उन पर आईसीसी ने प्रतिबंध लगाया है.
(साभार-आज तक)