रतलाम 23 दिसम्बर 2019/ जय किसान फसल ऋण माफी योजना अंतर्गत गुलाबी आवेदनों के निराकरण के लिए किसानों को मय दस्तावेज बैंक शाखाओं द्वारा बुलाया जाकर पिंक 1, पिंक 2 आवेदन निराकृत किए जा रहे हैं, इसके लिए बैंकों द्वारा तिथियां निर्धारित की गई है।
उपसंचालक कृषि श्री ज्ञानसिंह मोहनिया ने बताया कि बैंकों द्वारा निर्धारित की गई तिथियों के अनुसार इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक, कारपोरेशन बैंक, देना बैंक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, आईडीबीआई बैंक, इंडियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सिंडिकेट बैंक, यूको बैंक, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ़ इंडिया, विजया बैंक द्वारा 23 24, 26 तथा 27 दिसंबर की तिथि तय की गई है। इसी प्रकार बैंक ऑफ महाराष्ट्र द्वारा 23 तथा 24 दिसंबर, इंडियन ओवरसीज बैंक, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, पंजाब एंड सिंध बैंक द्वारा 23, 24 तथा 26 दिसंबर एवं यूनाइटेड बैंक द्वारा 23 एवं 24 दिसंबर की तिथियां तय की गई हैं। उक्त तिथियों में बैंकों द्वारा निर्धारित शाखाओं पर संबंधित किसानों को में दस्तावेज बुलाए जाकर पिंक 1 आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। जिले में 10128 पिंक 2 फॉर्म तथा 2921 पिंक 1 फॉर्म निराकृत किए जाएंगे।
जनपदवार कैंप
बैंकों द्वारा किसानों को अपनी शाखाओं में बुलाकर पिंक 1, पिंक 2 आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है। यदि किसान बैंक शाखा में किसी कारणवश नहीं आ पाता है तो कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशानुसार जिले में जनपद स्तरीय कैंप आगामी 30 दिसंबर से आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाजना तथा सैलाना जनपद परिसरों में 30 दिसंबर को कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा रतलाम में 2 जनवरी, जावरा में 3 जनवरी, पिपलोदा में 4 जनवरी तथा आलोट जनपद परिसर में 6 जनवरी को कैंप आयोजित किए जाएंगे।