रतलाम,7अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। त्यौहार के समय पर शहर की जल प्रदाय व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ा गई है। पटरी पार क्षेत्र के कई इलाकों में लगातार पांचवें दिन जल प्रदाय नहीं हो पाया है। आम जनता पानी के लिए परेशान हो रही है और कई जनप्रतिनिधि मैदान से नदारद नजर आ रहे हैं।

हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव में शहर की जल प्रदाय व्यवस्था एक बड़ा मुद्दा रहा है। शहर में प्रतिदिन जल वितरण की मुख्यमंत्री की घोषणा को पूरा करना तो दूर की बात एक दिन छोड़कर किया जा रहा जल वितरण भी समय पर नहीं हो पा रहा है। पिछले कुछ दिनों से जल प्रदाय व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ा गई है। पटरी पर क्षेत्र में आज पांचवे दिन भी जल वितरण नहीं हो पाया। सबसे खास बात यह है कि नगर निगम द्वारा अभी तक इस बात कि अधिकृत सूचना प्रसारित नहीं की गई कि जल प्रदाय व्यवस्था क्यों बिगड़ी और उसे सुधारने में कितना समय लगेगा।
पानी के लिए आम जनता परेशान हो रही है। कोई निजी टैंकर मंगा रहा है तो कोई मोहल्ले में जिनके यहां नलकूप है,उनसे पानी मांग कर काम चला रहा है। जल वितरण नहीं होने पर नगर निगम द्वारा वार्ड में टैंकर तक नहीं चलवाए गए। पीने के पानी की व्यवस्था के लिए भी भी जनता को दौड़ भाग करना पड़ रही है। इधर कई जनप्रतिनिधि अपने वार्ड में हालत का जायजा लेने तक भी नहीं पहुंचे।
महापौर ने भी नहीं उठाया फोन
शहर में बिगड़ी जल प्रदाय व्यवस्था और निराकरण में लगने वाले समय को लेकर जब खबरबाबा.कॉम ने शुक्रवार सुबह महापौर प्रहलाद पटेल को फोन लगाया तो उन्होंने भी फोन रिसीव नहीं किया।