रतलाम: होली पर्व के ठीक पहले जिले के जावरा सहित रेंज के 6 थानों पर पहुंचे उज्जैन रेंज एडीजीपी उमेश जोगा, व्यवस्थाओं को परखा… त्यौहार के दृष्टिगत मंदसौर और नीमच में भी ली बैठक, एनडीपीएस प्रकरणों की समीक्षा की
रतलाम, 11मार्च(खबरबाबा.काम)। होली के त्यौहार पर शांति एवं कानून व्यवस्था की दृष्टिगत उज्जैन रेंज एडीजीपी उमेश जोगा जहां जिलों में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारी का जायजा ले रहे हैं, वहीं अलग-अलग थाने में पहुंचकर व्यवस्थाओं को भी परख रहे हैं। 2 दिन में एडीजीपी श्री जोगा ने रेंज के 6 थानों का निरीक्षण किया, वहीं रतलाम सहित मंदसौर और नीमच में भी बैठक ली।
उज्जैन रेंज एडीजीपी उमेश जोगा सोमवार और मंगलवार को रतलाम, मंदसौर और नीमच जिले के दौरे पर रहे। रतलाम में उन्होंने जावरा शहर और औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी से पूरे क्षेत्र खासकर संवेदनशील इलाकों के संबंध में जानकारी ली। एडीजीपी ने पिछले वर्षों में थाना क्षेत्र में हुए सांप्रदायिक तनाव एवं अन्य विवादों की भी जानकारी ली। उन्होंने त्योहार पर विशेष मुस्तैदी रखने और सूचना संकलन को मजबूत करने के निर्देश दिए। एडीजीपी उमेश जोगा ने मंदसौर के पिपलिया मंडी और नीमच के जावद थाने सहित नागदा में भी दो थानों का निरीक्षण किया।

