नई दिल्ली, 17फरवरी2020/निर्भया गैंगरेप केस के दोषियों को फांसी दिए जाने के लिए नया डेथ वारंट जारी कर दिया है. पटियाला हाउस कोर्ट ने सोमवार को लगभग एक घंटे तक चली सुनवाई के बाद निर्भया के दोषियों को फांसी पर लटकाने के लिए 3 मार्च की तारीख मुकर्रर की. नए डेथ वारंट के अनुसार 3 मार्च की सुबह 6 बजे निर्भया के गुनहगारों को फांसी दी जाएगी.
इससे पहले ठीक 2 बजे शुरू हुई सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने कहा कि 3 दोषियों अक्षय, विनय और मुकेश की दया याचिका खारिज हो चुकी है. एक दोषी पवन की ओर से इस मामले में दया याचिका और क्यूरेटिव पिटिशन दाखिल होनी बाकी है. सरकारी वकील ने कहा कि हाइकोर्ट की तरफ से दी गई एक सप्ताह की मियाद भी 11 फरवरी को समाप्त हो चुकी है. उन्होंने दलील दी कि फिलहाल किसी भी दोषी की कोई भी याचिका किसी भी कोर्ट में लंबित नहीं है, इसलिए नया डेथ वारंट जारी किया जा सकता है.
पहले भी जारी हो चुके हैं डेथ वारंट
गौरतलब है कि इससे पहले भी निर्भया के दोषियों को फांसी पर लटकाने के लिए दो दफे डेथ वारंट जारी हो चुके हैं. पटियाला हाउस कोर्ट ने सबसे पहले 22 जनवरी को सुबह 7 बजे फांसी देने के लिए डेथ वारंट जारी किया था. तब दोषी मुकेश ने राष्ट्रपति के पास दया याचिका लगाई थी. राष्ट्रपति ने दया याचिका खारिज कर दी, लेकिन नियमों के अनुरूप 22 जनवरी को फांसी नहीं दी जा सकी. तब कोर्ट ने एक फरवरी के लिए नया डेथ वारंट जारी किया, तब भी दोषियों की फांसी की तारीख अंतिम समय पर टल गई थी.
SC ने खारिज कर दी थी अलग-अलग फांसी देने की मांग
इससे पहले गुरुवार को हुई सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए पटियाला कोर्ट ने सोमवार तक के लिए फैसला टाल दिया था. निर्भया के दोषियों को अलग-अलग फांसी देने और विनय की याचिका सुप्रीम कोर्ट से खारिज हो चुकी है. विनय शर्मा के वकील एपी सिंह ने विनय को मानसिक तौर पर असंतुलित बताया था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने विनय की मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद इस बात को खारिज कर दिया. फिलहाल दोषियों के पास बचाव के सारे विकल्प खत्म हो गए हैं. सिर्फ पवन के पास विकल्प बचा है, लेकिन पवन ने अभी तक कोई याचिका नहीं लगाई है.
(साभार-आज तक)
Related Posts
Add A Comment
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.